बीमार बच्चे संग लौट रहे परिवार की कार देर रात जब्त, आरटीओ की कार्रवाई पर उठे सवाल
टैक्स फेल’ बताकर चौरंगी में कार सीज, परिवार को सड़क पर उतारा, पीड़ित ने मंत्री डॉ. अजय पोद्दार से शिकायत करने की कही बात
आसनसोल, कुलटी के बराकर बस स्टैंड क्षेत्र निवासी चंदू पटेल ने आरटीओ अधिकारियों पर देर रात कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अनावश्यक परेशानी देने का आरोप लगाया है। चंदू पटेल के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी पत्नी और बीमार बच्चे के साथ आसनसोल से बराकर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौरंगी इलाके में आरटीओ की टीम ने उनकी इकोस्पोर्ट कार को रोक लिया।
चंदू पटेल का आरोप है कि अधिकारियों ने वाहन का टैक्स बकाया होने की बात कहते हुए पूरे परिवार को कार से उतरने के लिए कहा और वाहन को जब्त कर रानीगंज स्थित पार्किंग में भेज दिया। उनका कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से मौके पर ही जुर्माना भरने की अनुमति देने और देर रात वाहन जब्त नहीं करने की अपील की, ताकि वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित घर पहुंच सकें। हालांकि, उनकी बात नहीं सुनी गई।
पीड़ित के मुताबिक, आरटीओ अधिकारियों ने चौरंगी पुलिस फाड़ी से पुलिस भी बुला ली, जिसके बाद उन्हें मजबूर होकर वाहन अधिकारियों के हवाले करना पड़ा। बाद में वह किसी अन्य वाहन की मदद से पत्नी और बीमार बच्चे के साथ बराकर स्थित अपने घर पहुंचे।
मंगलवार को चंदू पटेल ने वाहन का बकाया टैक्स जमा किया और चौरंगी स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि उनकी कार रानीगंज में खड़ी है और वहीं से वाहन प्राप्त करना होगा।
इस पूरे घटनाक्रम से नाराज चंदू पटेल ने आरोप लगाया कि आरटीओ अधिकारियों ने मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी करते हुए उनके परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किया। उन्होंने कहा कि वह मामले की शिकायत कुलटी विधानसभा के विधायक एवं राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार से करेंगे और पूरे प्रकरण की जांच की मांग करेंगे।










