दुर्गापुर के सिटी सेंटर में खाद्य विभाग की छापेमारी, बासी खाना और फंगसयुक्त खाद्य पदार्थ मिलने से हड़कंप
रेस्टोरेंट्स में खाद्य गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच, नियमों की अनदेखी पर लगाया गया जुर्माना

दुर्गापुर: शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं दुर्गापुर नगर निगम की ओर से अभियान तेज कर दिया गया है। गोपाल मैदान और मेनगेट इलाके के बाद अब सिटी सेंटर क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंट्स में छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेस्टोरेंट्स में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके रखरखाव, एक्सपायरी एवं रसोईघर की साफ-सफाई की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंट्स में बासी खाद्य पदार्थ रखे होने की बात सामने आई। वहीं, एक रेस्टोरेंट से फंगस लगा खाद्य पदार्थ मिलने की भी जानकारी सामने आई।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई और जुर्माना भी लगाया गया। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता को लेकर विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी।
अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्गापुर के अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद शहर के रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।










