पितृ पक्ष के समापन पर बराकर और दामोदर नदी घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कुल्टी। पितृ पक्ष के समापन और देवी पक्ष के आगमन के अवसर पर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया। शनिवार की सुबह बराकर नदी के बाबा जी घाट, डिसरगढ़ घाट तथा बर्नपुर के दामोदर नदी घाट पर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल नदी में स्नान कर विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ अपने पितरों को तर्पण अर्पित किया। इस दौरान लोगों ने अपने पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पितृ पक्ष के अंतिम दिन नदी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। धार्मिक आस्था और परंपरा के इस अवसर पर घाटों पर विशेष चहल-पहल रही।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम भी सतर्क दिखाई दी। नदी में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नौका के साथ सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से तर्पण की धार्मिक प्रक्रिया पूरी की।










