दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 29.05.2025, आद्रा:-
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 117वीं मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) की बैठक का सफल आयोजन 29 मई 2025 को आद्रा मंडल कार्यालय स्तिथ सभागार कक्ष में किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री सुमित नरूला ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री खगेन्द्र नाथ घोष, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) सह DRUCC सचिव श्री विकास कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के माननीय सदस्यगण—जिनमें माननीय विधायक/टुंडी श्री माथुरा प्रसाद महतो, अन्य विधायक प्रतिनिधिगण, यात्री संगठन के प्रतिनिधिगण, पुरुलिया चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य तथा अन्य प्रतिष्ठित प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) श्री विकास कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक की शुरुआत करते हुए DRUCC की भूमिका, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह समिति यात्रियों एवं उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने हेतु एक प्रभावी माध्यम है, जिसका उद्देश्य रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और संतोषजनक बनाना है।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा मंडल अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों से संबंधित मुद्दों एवं आवश्यकताओं पर सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित बिंदु नए कोच इंडिकेशन बोर्ड (CIB) की स्थापना, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, विभिन्न लेवल क्रॉसिंग (LC) के स्थान पर लिमिटेड हाइट सबवे (LHS), नॉन-हाइट सबवे (NHS), रोड ओवर ब्रिज (ROB) तथा रोड अंडर ब्रिज (RUB) का निर्माण, स्थानीय यात्रियों की सुविधा हेतु नई ट्रेनों की शुरुआत एवं मौजूदा ट्रेनों में विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव, नए लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी आधुनिक सुविधाओं की मांग, ट्रेनों के समय पर परिचालन में सुधार की मांग आदि शामिल रही।
बैठक के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री सुमित नरूला ने सभी सदस्यों एवं प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आद्रा मंडल में प्रगति पर चल रहे प्रमुख विकास कार्यों—जैसे टाटानगर से बर्नपुर 3rd रेल लाइन का निर्माण, निर्माणाधीन ROB एवं RUB आदि—की जानकारी प्रदान की तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मंडल में स्टेशनों के आधुनिकीकरण, यात्री प्रतीक्षालयों का उन्नयन, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं में सुधार, तथा समयबद्ध संचालन पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है।
श्री नरूला ने समिति द्वारा उठाए गए सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति आद्रा मंडल पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की बैठकें रेलवे प्रशासन और यात्रियों के मध्य संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं, जिससे जमीनी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। उपस्थित सभी सदस्यों ने रेलवे प्रशासन की इस रचनात्मक पहल की सराहना की और भविष्य में भी सकारात्मक सहयोग देने का आश्वासन प्रदान किया।




















