*’अमृत भारत स्टेशन’ सीतारामपुर में दीपावली की सजावट और छठ घाट की सफाई पर विशेष अनुरोध*
आसनसोल: आदिकर्ना फाउंडेशन ने आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए, आसनसोल मंडल रेल प्रबंधक (DRM) महोदया को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में फाउंडेशन ने सीतारामपुर लोको टैंक (पम्पू तालाब) स्थित छठ घाट की विशेष सफाई और दीपावली के शुभ अवसर पर सीतारामपुर जंक्शन स्टेशन परिसर की आकर्षक दीप/बिजली की सजावट सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
फाउंडेशन के इस दल का नेतृत्व चेयरपर्सन संतोष कुमार वर्मा ने किया। उनके साथ महासचिव विवेकानंद भट्टाचार्य, मुख्य कानूनी सलाहकार एवं आसनसोल सीबीआई कोर्ट के अधिवक्ता विनोद कुमार सोलंकी, उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री के ‘लोकल टू वोकल’ संदेश से प्रेरणा को फाउंडेशन ने अपने ज्ञापन में इस बात पर विशेष बल दिया कि सीतारामपुर स्टेशन को माननीय प्रधानमंत्री जी की सफल पहल के तहत ‘अमृत भारत स्टेशन’ का दर्जा मिलना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री के ‘लोकल टू वोकल’ के संदेश से प्रेरित होकर, आदिकर्ना फाउंडेशन स्थानीय स्तर पर सामाजिक और सांस्कृतिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।
लोको टैंक छठ घाट की पवित्रता का महत्व के मद्देनज़र सीतारामपुर लोको टैंक का छठ घाट इस क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। छठ पूजा के दौरान यहाँ सैकड़ों की संख्या में छठव्रती अर्घ्य देने के लिए एकत्रित होते हैं। ज्ञापन में जल की पवित्रता और घाट का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जो धार्मिक आस्था के साथ-साथ जन-स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक है।
स्टेशन पर सजावट से सकारात्मक सांस्कृतिक संदेश
फाउंडेशन ने दीपावली से छठ पूजा तक स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने का विनम्र निवेदन किया है। तर्क दिया गया कि चूंकि श्रद्धालु अक्सर स्टेशन परिसर से होते हुए ही फुट ब्रिज के माध्यम से छठ घाट तक जाते हैं, इसलिए रेलवे मंडल की ओर से की गई यह सजावट छठव्रती और आम यात्रियों पर अत्यंत सकारात्मक धार्मिक और सांस्कृतिक प्रभाव डालेगी।



इससे आसनसोल रेल मंडल की संवेदनशीलता और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश रेलवे मंत्रालय तक पहुँचेगा। डीआरएम कार्यालय की ओर से मिला सकारात्मक आश्वासन पर आदिकर्ना फाउंडेशन ने DRM महोदया से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि महापर्व के सफल और निर्बाध आयोजन हेतु लोको टैंक (पम्पू तालाब) के चारों ओर के क्षेत्र, जल और घाट की विशेष सफाई तथा दीपावली पर स्टेशन की सजावट के लिए संबंधित विभाग को त्वरित निर्देश देने की कृपा करें। सूत्रों के अनुसार, डीआरएम महोदया ने आदिकर्ना फाउंडेशन के इस जनहित के कार्य की सराहना करते हुए, दोनों ही महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र कार्रवाई करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है।फाउंडेशन और समस्त छठव्रती समुदाय ने डीआरएम महोदया के इस संभावित सहयोग और कृपा के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है।










