इलाज के दौरान मौत से सड़क जाम
नितुरिया : नितुरिया थाना के पारबेलिया पीजी नर्सिंग होम में इलाजरत स्थानीय मदन डीह की 30 वर्षीय एक महिला रीता बाउरी की मौत से स्थानीय लोगों ने सोमवार को रास्ता ब्लॉक कर विद्रोह दिखाया। लोग नर्सिंग होम के सामने रास्ता जाम कर नर्सिंग होम बंद कर देने तथा मुआवजे की मांग कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम रहा।
जानकारी के अनुसार महिला करीब 2 माह से गर्भवती बताई जाती थी। उसकी तबियत अचानक खराब होने को लेकर बुधवार को उसे नितुरिया थाना के पीजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था। जहां शनिवार को उसकी शल्य चिकित्सा की गई। इस दौरान उसकी तबियत और बिगड़ने पर वहां से उसे आसनसोल के एक निजी अस्पताल भर्ती किया गया। जहां आज उसकी मौत हो गई।
इस घटना से उसके पति समीर बाउरी तथा अन्य विक्षुब्ध मित्रों परिचितों लोगो ने गलत चिकित्सा का आरोप लगाते हुए सुबह से ही पारबेलिया नर्सिंग को बंद कर देने तथा मुआवजा की मांग को लेकर नर्सिंग होम का घेराव किया। इस नर्सिंग होम को लेकर पहले भी आरोपों को लेकर आवाज उठती रही है। समाचार लिखे जाने तक घेराव जारी था।










