पश्चिम बंगाल के सालानपुर से इस वक्त एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। एथोड़ा ब्रिज के पास 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक केला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि आसनसोल से झारखंड की ओर जा रहा केला लदा ट्रक अचानक सामने आई स्कूटी को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी और इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में स्कूटी चालक असीम पाल, जो झारखंड के जामताड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।








