दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 17.09.2026
“स्वच्छता ही सेवा-2026” के तहत आद्रा मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन एवं जल पुनर्चक्रण पर जागरूकता कार्यक्रम”
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में “स्वच्छता में सौभाग्य” थीम के साथ “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज, 17 सितम्बर 2026 को मंडल रेलवे अस्पताल, आद्रा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) पर जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन (Rain Water Harvesting) के महत्व तथा जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Water Recycling Plant) की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मंडल रेलवे अस्पताल, आद्रा में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS), आद्रा, डॉ. संतोष कुजूर के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) तथा चार-तरफा कचरा पृथक्करण (4-Way Waste Segregation) के संबंध में जागरूक किया गया। व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इस अवसर पर कर्मचारियों से कचरे को स्रोत पर ही निर्धारित श्रेणियों में पृथक करने तथा उसके उचित निस्तारण की प्रक्रिया का नियमित रूप से पालन करने का आह्वान किया गया। साथ ही, चार-तरफा कचरा पृथक्करण (4-Way Waste Segregation) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण उसके वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने तथा “स्वच्छता में सौभाग्य” की भावना के साथ “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इसी क्रम में “स्वच्छता ही सेवा-2026”अभियान के तहत 17 सितम्बर 2026 को BNR School, Adra के विद्यार्थियों के लिए आद्रा स्थित जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Water Recycling Plant) का शैक्षणिक भ्रमण (Exposure Visit) आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Water Recycling Plant) की कार्यप्रणाली तथा अपशिष्ट जल के उपचार एवं पुनः उपयोग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया तथा उन्हें जल के विवेकपूर्ण उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से जल पुनर्चक्रण की प्रक्रिया से परिचित कराना था।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान वर्षा जल संचयन प्रणाली (Rain Water Harvesting System) के महत्व पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों को वर्षा जल के संरक्षण, उसके उचित उपयोग तथा जल संसाधनों के सतत प्रबंधन में वर्षा जल संचयन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। जल संरक्षण एवं जल के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, उचित संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल पुनर्चक्रण के महत्व की जानकारी दी गई। कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह उल्लेखनीय है कि आद्रा मंडल में “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे परिसरों, अस्पतालों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, जागरूकता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।










