कुल्टी विधानसभा के नियामतपुर सार्वजनिक छठ घाट निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। लंबे समय से रुके इस विकास कार्य को दोबारा शुरू कराने को लेकर रविवार को सार्वजनिक छठ पूजा नियामतपुर कमेटी की ओर से स्थानीय भाजपा नेता टिंकू वर्मा को फोन कर मौके पर बुलाया गया। कमेटी के सदस्यों ने आग्रह किया कि जो कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, उसे अब पुनः शुरू कराया जाए। इस दौरान ठेकेदार भी मौके पर उपस्थित थे और जल्द निर्माण कार्य आरंभ करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा नेता टिंकू वर्मा के साथ कमेटी के सदस्य छोटू साहू, संजय शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर छठ घाट निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्णय लिया।
टिंकू वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार के प्रयास से छठ घाट निर्माण का टेंडर और वर्क ऑर्डर पहले ही पास हो चुका था, लेकिन तत्कालीन तृणमूल सरकार के दबाव और भय के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को लाइसेंस रद्द करने और अन्य काम बंद कराने की धमकी दी गई थी, जिसके कारण कार्य लंबे समय तक रुका रहा।
उन्होंने कहा, “अब विधायक डॉ. अजय पोद्दार की जीत के बाद क्षेत्र में फिर से विकास कार्यों की शुरुआत होने जा रही है। नियामतपुर छठ घाट का निर्माण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय है। छठ श्रद्धालुओं और सनातन धर्म के लोगों में इसे लेकर काफी खुशी और उत्साह है।”
वहीं नियामतपुर सूर्य मंदिर छठ घाट समिति के अध्यक्ष शिवप्रसाद राउत ने बताया कि छठ पूजा समिति की मांग पर विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने लगभग पांच लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत कराई थी। चुनाव से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन अब जाकर कार्य शुरू होने की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि छठ घाट निर्माण के साथ-साथ मंदिर के सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य भी आगे किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक डॉ. अजय पोद्दार की जीत के बाद क्षेत्र में एक बार फिर विकास कार्यों को गति मिलने लगी है, जिससे आम जनता और सनातन धर्म से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल बना हुआ है।










