प्रेस विज्ञप्ति
दक्षिण पूर्व रेलवे,
आद्रा मंडल
आद्रा, दिनांक: 19.09.2025
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल में 118वीं मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) की बैठक का सफल आयोजन 19 सितम्बर 2025 को मंडल कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता ने की।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री खगेन्द्र नाथ घोष, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) सह DRUCC सचिव श्री विकास कुमार सहित परिचालन, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, वित एवं सिग्नल-टेलीकॉम आदि विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा DRUCC समिति के माननीय सदस्यगण—जिनमें यात्री समिति के प्रतिनिधिगण, व्यापारी एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधिगण सहित अन्य सदस्यगण सम्मिलित हुए।
बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) श्री विकास कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने समिति की भूमिका, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि DRUCC रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच एक प्रभावी संवाद मंच है, जिसका उद्देश्य रेल सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं संतोषजनक बनाना है।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों द्वारा मंडल अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख मांगें थीं जिनमे
विभिन्न लेवल क्रॉसिंग (LC) के स्थान पर लिमिटेड हाइट सबवे (LHS), नॉर्मल-हाइट सबवे (NHS), रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं रोड अंडर ब्रिज (RUB) का निर्माण, नई यात्री ट्रेनों की मांग एवं मौजूदा ट्रेनों का विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव, मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नए लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार, रखरखाव एवं सुचारु संचालन, ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित आदि शामिल थे।
सदस्यों ने साथ ही रेल सेवाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, उपभोक्ताओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं तथा यात्री सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी कई सुझाव दिए। रेल अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
डीआरएम, आद्रा श्री मुकेश गुप्ता ने सभी सदस्यों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने हेतु मंडल पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सक्रिय भागीदारी, रचनात्मक सुझावों एवं सार्थक चर्चाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।










