प्रेस विज्ञप्ति
दक्षिण पूर्व रेलवे,
आद्रा मंडल
आद्रा, दिनांक: 17.09.2025
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल में आज दिनांक 17 सितम्बर 2025 को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत मंडल कार्यालय सहित सभी स्टेशनों, विभागीय कार्यालयों एवं इकाइयों में स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय कर्तव्य है। इसे हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
शपथ के माध्यम से सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे, दूसरों को प्रेरित करेंगे, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाएँगे तथा प्रति वर्ष कम से कम 100 घंटे (प्रति सप्ताह 2 घंटे) श्रमदान कर अभियान को गति देंगे।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री के. एन. घोष, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी सहित समस्त शाखा अधिकारीगण, आरपीएफ कर्मी एवं मंडल कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे। मंडल की सांस्कृतिक टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया।
पूरे मंडल में “गहन स्वच्छता अभियान” की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत स्टेशन, प्लेटफॉर्म, यार्ड, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों की व्यापक साफ-सफाई की जा रही है। इसी क्रम में आद्रा नॉर्थ सेटलमेंट में दक्षिण पूर्व रेलवे स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसके माध्यम से आम नागरिकों से स्वच्छता को अपनाने एवं अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त, मंडल रेल चिकित्सालय, आद्रा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल का यह प्रयास “स्वच्छ भारत मिशन” को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










