ग्राम पंचायत भवन रसौली में विद्युत समाधान शिविर आयोजित, 20 से अधिक उपभोक्ताओं के बिल किए गए संशोधित
मसौली बाराबंकी। विद्युत विभाग द्वारा ग्राम पंचायत भवन रसौली में विद्युत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपनी विद्युत संबंधी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर के दौरान 20 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में आवश्यक संशोधन किए गए। वहीं 5 उपभोक्ताओं के खराब मीटर बदलने के लिए मीटर विभाग को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त बकाया विद्युत बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए गए तथा विभाग द्वारा लगभग ₹2 लाख की राजस्व वसूली भी की गई।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी शोएब जमाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा, “उपभोक्ताओं की सेवा करने के साथ-साथ विभागीय हित में कार्य करना ही हमारा परम लक्ष्य है।”
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने तथा विद्युत संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए ऐसे शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।










