जमुरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 840 ग्राम चांदी और 7 ग्राम सोने के गहने बरामद
जमुरिया: गुप्त सूचना के आधार पर रविवार शाम आसनसोल के जमुरिया थाना क्षेत्र के दामोदरपुर बेदपाड़ा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक घर में तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम ने अभिषेक बेद के घर पर तलाशी ली, जहां से करीब 840 ग्राम चांदी के आभूषण और 7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
बताया गया कि पुलिस टीम के घर पहुंचते ही आरोपी को कार्रवाई की भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बरामद सभी आभूषणों को नियमानुसार जब्त कर लिया है और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद आभूषण कहां से आए और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। साथ ही मौके से फरार व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए भी प्रयास जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।










